महिलाओं को मर्दों से कम सैलरी क्यों? प्रफेसर जिसने दुनिया को दिया इसका जवाब और जीता नोबेल
नई दिल्ली: क्लाउडिया गोल्डिन को अर्थशास्त्र में 2023 का नोबेल पुरस्कार मिला है। वह हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में अर्थशास्त्र की प्रफेसर हैं। उन्हें वर्क फोर्स या लेबर मार्केट में महिलाओं की भागीदारी के बारे में समझ बढ़ाने के लिए यह पुरस्कार मिला है। क्लाउडिया ने इस सवाल का बहुत अच्छे से जवाब दिया है कि आखिर महिलाओं को मर्दों से कम सैलरी क्यों मिलती रही है। यह ट्रेंड पूरी दुनिया में क्यों दिखता है। इस बारे में उनकी एक किताब ‘करियर एंड फैमिली: वुमेन्स सेंचुरी लॉन्ग जर्नी टुवर्ड्स इक्विटी’ भी है। 1989 से 2017 तक वह NBER के अमेरिकी अर्थव्यवस्था विकास कार्यक्रम की डायरेक्टर थीं। वह NBER के ‘जेंडर इन द इकोनॉमी’ समूह की को-डायरेक्टर भी हैं। महिलाओं और मर्दों की सैलरी में अंतर को लेकर क्लाउडिया ने क्या एक्सप्लेनेशन दिया है, आइए यहां देखते हैं।
क्लाउडिया गोल्डिन कहती हैं समानता को अक्सर एक ही नौकरी में पुरुषों और महिलाओं की कमाई से जोड़कर देखा जाता है। जिस समानता को हासिल करने की कोशिश की जा रही है, शायद वह मुमकिन नहीं होगा। हमें यह समझना होगा कि असमानता का कारण क्या है। लैंगिक आय अंतर, जैसा कि कहा जाता है, कमाई में अंतर से कहीं ज्यादा है। दरअसल, असमानता दो क्षेत्रों में है। ये दो क्षेत्र हैं करियर और परिवार। ये एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
कमाई में समानता तभी जब…
क्लाउडिया के मुताबिक, अगर हम परिवारों के भीतर समानता पा सकते हैं तो हमारे पास वर्कप्लेस पर लैंगिक आय समानता हासिल करने का बेहतर मौका होगा। इसका कारण यह है कि बच्चे समय लेते हैं। करियर में भी समय लगता है। अगर महिलाएं बच्चों की देखभाल (घर की देखरेख और बुजुर्गों की देखभाल) अधिक करती हैं तो उनके पास अपने करियर के लिए कम समय होता है। यानी अपने करियर को वे कम घंटे देती हैं। वे ज्यादा डिमांडिंग जॉब से परहेज करती हैं। नतीजा, वे कम कमाती हैं। देखभाल में असमानता इतिहास, पारिवारिक मानदंडों और व्यक्तिगत प्राथमिकताओं का मसला है। लिहाजा, लैंगिक आय का अंतर बड़े पैमाने पर कार्यस्थल के बाहर से उभर रहा है।
महिलाएं आमतौर पर घर में उलझी रहती हैं…
क्लाडिया कहती हैं कि जो कर्मचारी हर समय काम करने को तैयार रहता है और जो कार्यालय में ऑन-कॉल रहता है उसे रिवॉर्ड मिलता है। ये पुरस्कार लगाए गए समय के अनुपात में नहीं हैं। समय को दोगुना करने पर कमाई दोगुनी से भी अधिक हो जाती है। इसे ही हम ग्रीडी वर्क यानी लालची काम कहते हैं। अगर किसी व्यक्ति के बच्चे हैं या कोई अन्य पारिवारिक जिम्मेदारियां हैं, तो घर पर किसी को ऑन-कॉल रहना पड़ता है।
आमतौर पर महिलाएं ही घर पर ऑन-कॉल होती हैं। इस प्रकार लैंगिक असमानता का दूसरा पहलू कपल में असमानता है। इन असमानताओं से बाहर निकलने का रास्ता कार्यस्थल के लचीलेपन और बच्चों की देखभाल की लागत को कम करना है। पहला कार्यस्थल में बदलाव के साथ हो सकता है जो महामारी के दौरान हुआ है और दूसरा राजनीतिक गति पकड़ रहा है। कई तरीकों से पुरुषों को साथ लाना समाधान का एक और हिस्सा है।