BudgetBusiness

Budget 2023: निर्मला जी, हम महिलाओं का दर्द समझिए, वित्‍त मंत्री के नाम टैक्सपेयर की चिट्ठी

Spread the love
  • कोरोना के बाद से महंगाई तेजी से बढ़ी है हर चीज के दाम बढ़ गए हैं
  • बढ़ती महंगाई में घर चलाना मुश्किल हो गया है
  • राशन से लेकर रसोई गैस और तेल सबके दाम बढ़ गए हैं
आदरणीय वित्‍त मंत्री जी,
नमस्‍कार। आपको नए साल की हार्दिक शुभकामनाएं। बहुत खुशी है कि 1 फरवरी, 2023 को आप केंद्रीय बजट पेश करेंगी। पूरे देश की इस पर नजर है। हम वेतनभोगी और घरेलू महिलाओं को भी इसबार के आम बजट से बहुत उम्मीदे हैं। हमारी कोई बहुत बड़ी मांगे नहीं हैं। हमारी बहुत छोटी सी मांगें हैं। अगर आप हमारी इस मांग पर ध्यान देंगी तो हम महिलाओं को बहुत खुशी होगी। वित्त मंत्री जी पिछले महीनों में महंगाई लगातार बढ़ी है। हर चीज के दाम बढ़ गए हैं। इस महंगाई का सबसे ज्यादा असर रसोई पर पड़ा है। हम महिलाएं पूरे घर का बजट बनाकर चलती हैं। इस महंगाई में पूरा बजट बिगड़ गया है। रसाई पर सबसे ज्यादा मार गैस और तेल के बढ़ते दामों की पड़ी है। इस बार आम बजट में हम घरेलू से लेकर कामकाजी और हर एक क्षेत्र से जुड़ी महिला इस बार बजट को लेकर वित्त मंत्री से उम्मीद लगाए हुए बैठी है। क्योंकि वित्त मंत्री खुद एक महिला है इसीलिए महिलाओं की आशाएं उनसे और ज्यादा बढ़ जाती हैं। हम महिलाओं को पिछले बजट में भी कुछ खास नहीं मिला था। हर साल बजट आता है तो हमारी उम्मीदें बढ़ जाती हैं, लेकिन संतुष्टि नहीं मिलती है। वित्त मंत्री जी, महंगाई लगातार बढ़ रही है। महंगाई को कम करने के लिए सरकार ने कई दावे तो किए हैं, लेकिन अभी भी महंगाई पर रोक नहीं लगी है। अगर रसोई गैस और तेल के दाम कम होते हैं तो हम महिलाओं को बहुत खुशी होगी। नीचे लिखी बातों से आप हम महिलाओं को तकलीफ समझ सकती हैं।

1-घर चलाना हो रहा मुश्किल
वित्त मंत्री जी बढ़ती महंगाई की वजह से घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। तेल कंपनियां घरेलू रसोई गैस के दामों को लगातार बढ़ा रही हैं। देश की राजधानी दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 1053 रुपये तक पहुंच चुके हैं। जबकि कोलकाता में यह 1079 रुपये का हो गया है। वित्त मंत्री जी पिछले एक वर्ष में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 150 रुपये से भी ज्यादा महंगा हो चुका है। 14.2 किलोग्राम के गैस सिलेंडर की कीमत 6 जुलाई 2022 को बदली थी। एक वर्ष में गैस सिलेंडर की कीमतों में 153 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। गैस की कीमतों का सबसे ज्यादा असर हम मध्यमवर्ग की महिलाओं पर ही पड़ता है। घरेलू गैस की कीमतों के साथ फल और सब्जियों के दाम भी बढ़ते जा रहे हैं। खाना बनाने का तेल भी काफी महंगा हो गया है।

2-राशन खरीदने में खाली हो जा रही जेब
महंगाई इतनी बढ़ गई है कि एक महीने का राशन खरीदने में ही सारी जमा पूंजी खर्च हुई जा रही है। वित्त मंत्री जी पहले एक महीने का राशन 5 से 10 हजार रुपये में आ जाता था। यही राशन अब 15 हजार से ज्यादा रुपये में आ रहा है। घर के जरूरी सामान भी काफी महंगे हो गए हैं। वित्त मंत्री जी जिस तरह से महंगाई बढ़ी है हम लोगों की इनकम नहीं बढ़ी है। इस बार के आम बजट में हम महिलाओं की इन परेशानियों को देखते हुए कुछ ऐसे कदम उठाए जिससे हमें राहत मिले। वित्त मंत्री जी सरसों के तेल से लेकर मसाले, दाल, चावल और रसोई में इस्तेमाल होने वाली रोजमर्रा की सभी चीजों के दाम बढ़े हुए हैं। बिजली पानी आदि के खर्चे भी बढ़ रहे हैं। इस बार बजट में महंगाई को लेकर सरकार को कुछ ठोस कदम उठाने चाहिए, जिससे कि मिडिल क्लास को कुछ राहत मिले और हम महिलाओं के लिए भी घर का बजट संभालना आसान हो सके।

3- खुद का रोजगार शुरू करने में आती है परेशानी
वित्त मंत्री जी हम महिलाओं को खुद का रोजगार शुरू करना हो तो कई मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। हम महिलाएं भी हर क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं। हमारी परेशानियों को देखते हुए महिलाओं को टैक्स में विशेष छूट मिलनी चाहिए। महिलाएं अगर अपने रोजगार को शुरू करने के लिए लोन लेती हैं तो उन्हें उसपर भी छूट दी जानी चाहिए। महिलाओं को बिजनस लोन पर भी छूट मिलनी चाहिए। अगर ऐसा हुआ तो महिलाएं भी तेजी से अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकेंगी। इसका फायदा और लोगों को भी मिलेगा। इससे समाज में रोजगार बढ़ेगा। वहीं बढ़ती महंगाई में हम महिलाएं अपनी कमाई को भी बढ़ा पाएंगी। वित्त मंत्री जी उम्मीद है इस बार बजट में आप हम महिलाओं का ध्यान जरूर रखेंगी।

प्रार्थी,
महिला, टैक्‍सपेयर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *